इसहफ्ते न्यूज
aap victery in punjab: आम आदमी पार्टी का जन्म संघर्ष की दास्तां कहता है। लोकतंत्र की यही खूबसूरती है कि यहां प्रत्येक अपना ध्वज बुलंद कर सकता है और जनता कुछ इंतजार के बाद उसे स्वीकार भी कर लेती है। एक समय महज दो लोकसभा सीट जीतकर संसद में कदम रखने वाली भाजपा आज अगर देश की सत्ता पर काबिज है तो फिर दूसरे उन दलों के लिए भी यह प्रेरक है, जोकि राजनीति के शिखर पर पहुंचना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में जैसी कामयाबी हासिल की है, वह इस नवोदित पार्टी के हौसले, लगातार प्रयासरत रहने और जनता से जुड़े रहने की उसकी चाहत का परिणाम है।
यह भी पढ़ें : पंजाब में एक आठ साल पुरानी पार्टी से कैसे हारे राजनीति के मठाधीश, पड़ताल है जरूरी
कांग्रेस हुई फ्लाप, इसलिए आप को स्वीकारा
पंजाब में कहा जा रहा है कि (congress) कांग्रेस क्योंकि फ्लॉप हो गई, इसलिए जनता ने आप को स्वीकार कर लिया। बेशक, आप आज की तारीख में कांग्रेस का बेहतरीन विकल्प बन चुकी है। भाजपा ने कांग्रेस मुक्त भारत का सपना देखा हुआ है, जिसमें वह लगातार सफल भी हो रही है। इस बार के पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के दौरान उसकी यह तमन्ना बहुत हद तक पूरी भी हुई है। लेकिन अगर कांग्रेस उसके रास्ते से हट रही है तो आम आदमी पार्टी उसके रास्ते में नई अड़चन बनने जा रही है। वक्त बदलाव का है, भाजपा ने लगातार खुद को बदला है और अब सामने आ रहा है कि सुशासन की वजह से मिले अंकों ने भाजपा को देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार प्रचंड बहुमत दिलाया है। यानी जो बेहतर करेगा और करता रहेगा, वह जीतेगा और जीतता रहेगा।
आप से सिकौड़ा गया नाक-भाैं
आम आदमी पार्टी अब अपने विस्तार की सोच रही है तो यह जरूरी भी है। अगर बदलाव की सोच लेकर कोई नेता आगे बढ़ रहा है तो उसके लिए रास्ता बनना ही चाहिए। आम आदमी पार्टी को भारतीय राजनीति में उसी तरह से लिया जाता रहा है, जैसे किसी भरी बस में कुछ और सवारी चढ़ें, पहले से सवार यात्री उन्हें देखकर नाक-भौं सिकोड़ते हैं कि अब इनके लिए जगह बनानी पड़ेगी। नये यात्रियों को भी परेशानी होती है, जगह बनाने में। लेकिन आखिरकार जैसे-तैसे उनके लिए भी जगह बन जाती है। आप ने अपने लिए जगह तमाम संघर्षों और आरोपों को झेलते हुए बनाई है।
बहुत कुछ झेला है केजरीवाल ने
खुद राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने साथ दुव्र्यवहार झेला है, उन पर कालिख फेंकी गई, मारपीट भी हुई, गाली-गलौज भी हुई। उनके सरकारी आवास में अधिकारियों से मारपीट के आरोप भी लगे। जनता में उनके प्रति ऐसी छवि बनाई गई, जैसे वे राजनीति के लिए गैर जरूरी हैं। स्थापित राजनीतिकों ने उन्हें बौना और अपरिपक्व समझा और जनता से भी खारिज करने का आग्रह करते रहे। लेकिन जनता है कि सभी की सुनती है, लेकिन करती वही है, जो उसका दिल चाहता है। पंजाब में दूसरे दलों के साथ आप ने भी दस्तक दी और खुद को एक मौका देने का आग्रह भी। पहले से स्थापित राजनीतिकों ने उनका उपहास उड़ाया लेकिन आप अपने काम में लगी रही। भावी मुख्यमंत्री भगवंत मान के संबंध में भी अपमानजनक कहा गया, हालांकि समय के साथ हर कोई बदलता है और वैसे भी सुधरने का मौका क्यों नहीं मिलना चाहिए। जनता ने आप पर भरोसा किया है, उसके कहे पर यकीन किया है।
जीत का फार्मूला अब नए राज्यों में होगा लागू
आगे बढ़ने का यह फार्मूला आप संयोजक अब हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और दूसरे राज्यों में भी अपनाना चाहते हैं। हरियाणा, केजरीवाल का मूल राज्य है। उनके परिजन भिवानी में रहते हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में आप ने हरियाणा में जोर-शोर से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें कामयाबी हासिल नहीं हुई। हरियाणा की जनता को अपने वही पुराने लाल पसंद आए, उनका नया संस्करण उन्होंने स्वीकार किया, भगवा को अपनाया वहीं हाथ से हाथ मिलाते रहे। अब जब पंजाब की जनता ने आप में विश्वास जता दिया है तो हरियाणा समेत दूसरे राज्यों में भी आप को लेकर नई संभावनाएं उपजने लगी हैं।
अगला लक्ष्य हरियाणा
आप का अगला लक्ष्य अब हरियाणा बनने की चर्चा शुरू हो चुकी है। हरियाणा में दूसरी पार्टियों के उन असंतुष्टों पर आप की नजर है, जिन्हें वहां महत्व नहीं मिल रहा। एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी जोकि अपनी कर्तव्यनिष्ठा से ज्यादा अपने तबादलों के लिए जाने जाते हैं, का नाम भी केजरीवाल से जोड़ा जाने लगा है। आप की खासियत यह है कि उसने अपने यहां फुलटाइम राजनीति न करके पार्ट टाइम पॉलिटिक्स करने का लोगों को मौका दिया है। इसका मतलब यह है कि रिटायर्ड कर्मचारी तो पार्टी के साथ जुड़ ही रहे हैं, मल्टीनेशनल कंपनियों में कार्यरत और प्राईवेट व सरकारी कार्यालयों में सेवारत कर्मचारी, अधिकारी भी आप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। आप ने खुद को बदलावकारी सोच का ऐसा काफिला करार दिया है, जिसके साथ कोई भी जुड़ सकता है।
बीरेंद्र सिंह जुड़ेंगे आप के साथ
हरियाणा की राजनीति के दिग्गज बीरेंद्र सिंह का नाम फिर फिजाओं में है कि वे एक बार फिर दल-बदल की तैयारी में हैं। कांग्रेस से भाजपा में आकर वे केंद्र में कैबिनेट मंत्री भी बने, पत्नी को विधायक बनाया। लेकिन फिर बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए खुद का मंत्री पद गंवाया और पत्नी को भी टिकट नहीं दिलवा सके। अब न मुख्यमंत्री से बन रही है और न ही भाजपा नेताओं से। उनके मन में है कि उन्हें उनके कद के हिसाब से जगह नहीं मिली है। उनकी यह पीड़ा समझी जा सकती है, लेकिन जीवन विडम्बनाओं का नाम ही है। अपने बेहतर भविष्य के लिए हाथ-पैर मारना कब बुरा हुआ है। बहरहाल, हरियाणा की राजनीति में आगे बढ़ने को आतुर अरविंद केजरीवाल को प्रदेश की जनता के समक्ष मौजूदा राजनीतिकों के बेहतर विकल्प के रूप में साबित करना होगा। पंजाब में आप को क्यों स्वीकार किया गया है, इसका आकलन होना अभी बाकी है। ऐसे में एक राज्य का फैसला हर राज्य में लागू होगा, इसमें भी संशय है। तब पार्टी को देख-परख कर ही आगे बढ़ना होगा।