इसहफ्ते न्यूज .
Leadership change in congress : कांग्रेस के लिए यह बदलाव का समय है। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब पार्टी के अंदर नेतृत्व परिवर्तन की पुकार को आलाकमान भी संजीदगी से महसूस करने लगा है। कांग्रेस के अंदर इस परिवर्तन की मांग हालिया पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद और ज्यादा पुरजोर तरीके से उठी है। वर्ष 2020 के वे दिन याद कीजिए जब, असंतुष्टों का एक समूह जिसे जी-23 (G-23 IN congress) का नाम दिया गया है, ने अपना सिर उठाया था। इसके बाद पूरे देश में कांग्रेस दो हिस्सों में बंटती नजर आई थी। एक वह जोकि गांधी परिवार के साथ थी और दूसरी वह जोकि असंतुष्टों के लिए आवाज उठा रही थी।
तब बदलाव चाहने वाले कहलाए थे गद्दार
तब कांग्रेस में बदलाव की मांग करने वालों को गद्दार की संज्ञा दी गई थी और ऐसा करने वाले गांधी परिवार के समर्थक नेता तो थे ही, खुद गांधी परिवार के एक वरिष्ठ सदस्य ने किसी नेता के संबंध में इन शब्दों का प्रयोग किया था। हालांकि यह दरबार के अंदर की कहानी है, जोकि छन कर भी नहीं आ पाती। असंतुष्टों के गले में यह शब्द जब अटक गया और उन्होंने न चाहते हुए भी इसे उगलने की कोशिश की तो मीडिया ने उसे लपक लिया। खैर, गांधी परिवार की मौजूदगी में कोई और कांग्रेस इसका नेतृत्व करे, यह सोच किसी मंदिर में मूर्ति की जगह अपनी मूर्ति लगवाने की किसी भक्त की कल्पना की तरह है। ऐसा कैसे हो सकता है कि भगवान की मूर्ति की जगह भक्त की मूर्ति स्थापित हो जाए।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस मुक्त भारत का सपना होने लगा पूरा, पर भाजपा के सामने अब आप है नई चुनौती
भगवान की मूर्ति की जगह किसकी लगेगी?
खैर, कांग्रेस में अब लगता है, भगवान की मूर्ति की जगह भक्तों में से किसी की मूर्ति की स्थापना हो सकती है। इसके लिए पार्टी ने खुद को तैयार करना शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक आलाकमान यह मानने लगा है कि कांग्रेस के घट चुके प्रभाव की वजह उसका पार्टी पर वर्चस्व भी है। नए दौर में पार्टी के अंदर असंतुष्टों की तादाद में इतना इजाफा हो चुका है कि अब हर इकाई में उनकी मौजूदगी दिखती है। तब कैसे आलाकमान खुद को सर्वोच्च पद पर सुशोभित रख सकता है।
जी-23 में आया एक नया चेहरा- नाम है मणिशंकर अय्यर
जी-23 ग्रुप में एक नए नेता का पर्दापण हुआ है। (Manisankar ayyer) मणिशंकर अय्यर। अय्यर अभी तक गांधी परिवार के वफादार होते थे। लेकिन अब एकाएक उनके स्वर बदल चुके हैं, वे हवा को भांप चुके हैं और अब उन असंतुष्टों के कार्यों को जरूरी बता रहे हैं, जोकि कह रहे हैं कि पार्टी संगठन में बदलाव होना चाहिए। एक साक्षात्कार में अय्यर ने कहा कि यह ग्रुप चाहता है कि इसकी जांच होकि आखिर कांग्रेस की हार की वजह क्या है? बेशक, यह बात कांग्रेसियों को नहीं मालूम है, हालांकि कांग्रेस के बाहर शायद बच्चा-बच्चा जानता है कि कांग्रेस हार क्यों रही है। उनका यह भी कहना है कि जी-23 ग्रुप बना ही इसलिए था कि यह पता लगाया जाए कि पार्टी की हार की वजह क्या है। अब बेशक, जी-23 ने अपने कंधों पर इतनी अहम जिम्मेदारी उठा रखी है, लेकिन उस समय इस समूह का उपहास ही उड़ाया गया।
चुनाव हार-हार कर बना चुकी रिकॉर्ड
ऐसा रिकॉर्ड बन चुका है कि कांग्रेस पिछले 49 में से 39 चुनाव हार चुकी है। यानी उसने सिर्फ 10 चुनाव ही जैसे-तैसे करके जीते हैं। अब असंतुष्ट नेताओं के अलावा गांधी परिवार के वफादारों को भी इसका रंज होने लगा है कि पार्टी इतने चुनाव हार गई और फिर न नेतृत्व बदल रहा है और न ही गांधी परिवार की आभा कम हो रही है। यही वजह है कि अय्यर अब साफगोई से स्वीकार कर रहे हैं कि जी-23 के नेताओं को यह सुझाव दिया जाता है कि गांधी परिवार को हटाया जाए, लेकिन फिर वे दलील देते हैं कि वरिष्ठ नेता इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि गांधी परिवार को हटाना समस्या का समाधान नहीं है। खैर, अय्यर के बयान से यह तो साफ हुआ कि असंतुष्ट नेताओं का साहस इतना बलवान हो चुका है कि वे अब गांधी परिवार पर दयादृष्टि रखते हुए उसे पूरी तरह साइडलाइन न करके पार्टी के किसी कोने में बनाए रखने के इच्छुक हैं।
खुद को नियंत्रित करने की जुगत में पार्टी
कांग्रेस को नए सिरे से उठ खड़े होने की जरूरत है। कांग्रेस एक ऐसा इलाका है, जहां कौन किस क्षेत्र में तैनात है और उसकी भूमिका क्या है, के संबंध में कोई नहीं जानता। एक अनियंत्रित, गैरअनुशासित क्षेत्र के लोग अब खुद के नियंत्रित होने की कोशिश में हैं, तो काफी साहसिक है। मणिशंकर अय्यर के अनुसार गांधी परिवार को यह बता दिया गया है कि जी-23 उनके खिलाफ नहीं है। इस दौरान पांच पूर्व सीएम और सात पूर्व केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। इन वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी का मतलब यह है कि गांधी परिवार को इस बात को समझे कि उनकी एकल राय पार्टी को फिर से खड़ा करने की है, न कि पार्टी के खिलाफ षड्यंत्र करने की।
कांग्रेस को चाहिए तीन चीजें...
जी-23 समूह का मानना है कि कांग्रेस में इस समय तीन चीजों की कमी है। एक कार्यसमिति का गठन ठीक से हो, दूसरा टिकट वितरण सही तरीके से हो और तीसरा पार्टी के अंदर हर स्तर पर चुनाव हो। बेशक, कांग्रेस के अंदर यह अकुलाहट हदों को पार करती नजर आ रही है, लेकिन क्या वास्तव में गांधी परिवार के बगैर पार्टी खुद को चला पाएगी? कांग्रेस की कार्य संस्कृति गांधी परिवार के बगैर अधूरी नजर आती है, उसे गांधी परिवार से दूरी भी चाहिए और उससे नजदीकी भी। सामूहिक, सर्वसमावेशी नेतृत्व कांग्रेस की जरूरत है, संशय भरपूर है, लेकिन पार्टी में परिवर्तन की यह पुकार जितनी ईमानदार होगी, उसके परिणाम उतने ही सुखद होंगे।