इसहफ्ते न्यूज. चंडीगढ़
Punjab congress new appointment : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद पर विधायक अमरिंदर सिंह वडि़ंग की नियुक्ति जितनी खामोशी से पार्टी हाईकमान ने की है, वह बीते दिनों इसी पद के लिए पार्टी में हुई जंग, एक मुख्यमंत्री को अपदस्थ करने, पार्टी की ओर से एक नए चेहरे को मुख्यमंत्री बनाने, चुनाव में जाने और करारी हार के बाद एक अध्यक्ष को जिसने बड़ी मशक्कत से इस पद को हासिल किया था, से इस्तीफा मांगने के घटनाक्रमों से पूरी तरह विपरीत है। संभव है, आम जनमानस कांग्रेस में हुए इस घटनाक्रम को सहजता से स्वीकार ही नहीं कर पा रहा है।
कांग्रेस में है मारामारी का इतिहास
ऐसा इसलिए क्योंकि कांग्रेस में मारोमार के बाद ही नियुक्तियां होती हैं, यहां विवाद और झगड़े के बाद ही मुख्यमंत्री को हटा कर किसी अन्य को उनकी जगह बैठाया जाता है। फिर दिल्ली दरबार तक पंजाब के कांग्रेसियों की दौड़ होती है, ड्राइंग रूम बैठकें होती हैं, सेल्फी ली जाती हैं, ट्विटर पर स्टेटस अपडेट होते हैं। पंजाब वापस लौट कर फिर प्रेस को बयान जारी किए जाते हैं। बयानों की गर्मी हालात को उबाल देती है, चंडीगढ़ के पंजाब कांग्रेस भवन में हल्लाशेरी होती है और फिर जाकर आलाकमान किसी का नाम तय करती है। क्या यह माना जाए कि पंजाब में पिछले छह-सात महीनों के अंदर जो कुछ भी घटा है, उसने पार्टी आलाकमान की आंखें खोल दी हैं। पार्टी आलाकमान को अगर इतनी ही खामोशी से एक युवा को प्रदेश अध्यक्ष बनाना था तो बीते वर्ष जब एक वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री को लज्जित करके इस्तीफा देेने को बाध्य करने और फिर उन्हें पार्टी से निकालने की क्या आवश्यकता थी। क्या उन्हें उनका कार्यकाल पूरा करने नहीं दिया जा सकता था? हो सकता है, कांग्रेस ऐसा करती तो उसे हालिया विधानसभा चुनाव में मिली शर्मनाक हार का सामना नहीं करना पड़ता, जब उसके दो-दो हलकों से मुख्यमंत्री पद के चेहरे चरणजीत सिंह चन्नी दोनों जगह से हार गए और प्रदेश कांग्रेस की बागडोर जिन्हें सौंपी हुई थी, वे भी अपनी सीट नहीं जीत सके।
कांग्रेस को करना होगा आत्ममंथन
कांग्रेस की अंदरूनी फूट ने इस बार के विधानसभा चुनाव में उसे जो हार का दंश दिया है, वह उसे आत्ममंथन को कह रहा है। लेकिन इसके बावजूद पार्टी इसके लिए तैयार नहीं है। बीते दिनों महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के बीच तकरार मीडिया की सुर्खियां बन गई थी। इस दौरान यह भी कहा गया कि पार्टी का तमाशा बना दिया गया है। इससे पहले सिद्धू की ओर से प्रधान बनने के लिए फिर से जोड़तोड़ शुरू करने की खबरें थी। वे लगातार अपने समर्थकों के साथ बैठकों का दौर चलाए हुए थे। सिद्धू चाहते थे कि आलाकमान उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा बनाए। कांग्रेस के लिए यह कितना मुश्किल कार्य था, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि राहुल गांधी को दिल्ली लौटकर परिवार में यह विमर्श करना पड़ा कि किसे सीएम फेस बनाया जाए।
उस समय यह यक्ष प्रश्न बन गया था कि आखिर वह भाग्यशाली कौन होगा, जिसे कांग्रेस आलाकमान पंजाब में अपना मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करेगा। हालांकि फिर वह दिन भी आया, जब राहुल गांधी ने बॉक्सिंग रिंग की भांति सिद्धू और चन्नी को साथ-साथ खड़ा करके चन्नी के हाथ को एक विजेता की भांति ऊपर उठाकर उनके नाम की घोषणा की। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सिद्धू के हौसले पस्त हो चुके थे, इसके बाद पता नहीं वे विधायक का चुनाव लडऩे का हौसला भी रख पा रहे थे या नहीं। क्योंकि अध्यक्ष पद हथियाने, उसके बाद नाराज होकर इस्तीफा देने और फिर मान-मनौव्वल के बाद कामकाज संभालने का उपक्रम करने, तत्कालीन सीएम चन्नी से टकराव रखने और फिर करारी शिकस्त के बाद सिद्धू अपने राजनीतिक करियर पर खुद फुलस्टॉप लगवा चुके हैं। ऐसे में आलाकमान ने अगर फिर से उनके नाम पर विचार करना भी जरूरी नहीं समझा है, तो यह उसके विवेक का मामला है। पार्टी को नए तेवर चाहिएं और छात्र राजनीति से परिपक्व होकर निकले अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग से इसकी अपेक्षा की जा सकती है।
लगातार तीन बार जीता चुनाव
कांग्रेस आलाकमान ने वड़िंग के अलावा पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। वड़िंग के खाते में एक विशेष बात यह भी जुड़ती है कि वे गिद्दड़बाहा से लगातार तीन बार चुनाव जीतते आ रहे हैं। उनका हलके में विरोध भी हुआ लेकिन फिर भी उन्होंने यह कामयाबी हासिल की। उन्होंने आप संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समक्ष बतौर पंजाब के परिवहन मंत्री उनके दिल्ली आवास से लेकर पंजाब में एक होटल के बाहर बहस की थी, वे पंजाब विधानसभा में भी मान सरकार के खिलाफ सक्रिय रहते हैं। पंजाब में हिंदू वर्ग को अपने साथ जोड़े रखने की कांग्रेस के सामने हमेशा चुनौती रही है। अभी कुछ समय पहले पंजाब के लिए नए मुख्यमंत्री के चयन में सुनील जाखड़ के नाम पर भी विचार हुआ था, लेकिन एक महिला कांग्रेस नेता ने उन्हें वीटो कर दिया यह कहते हुए कि पंजाब का मुख्यमंत्री एक सिख ही होना चाहिए। अब नई नियुक्तियों में आलाकमान को एक जाट सिख नेता के साथ एक हिंदू को भी कार्यकारी अध्यक्ष बनाना पड़ा है। पंजाब कांग्रेस को पटरी पर लाने के लिए वडि़ंग और आशु को काफी काम करना पड़ेगा, इसमें कोई दो राय नहीं है। पार्टी संगठन को फिर से खड़ा करने के साथ ही नए नेतृत्व के लिए यह भी आवश्यक है कि वह कांग्रेस के प्रति आम जनमानस का विश्वास लौटाने के लिए प्रयास करे। अगले पांच वर्षों में कांग्रेस को अपनी उपस्थिति पंजाब में बनाए रखनी होगी।