Congress President Mallikarjun Kharge : कांग्रेस की मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति के देश ने अब तक विभिन्न स्तर देखे हैं, लेकिन दीपावली के संदर्भ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जितनी विचित्र टिप्पणी की है, वह यह बताने को काफी है कि किस प्रकार हिंदू सनातन संस्कृति को क्षति पहुंचाने के लिए, उसकी मौलिकता को नष्ट करने के लिए कांग्रेस ने काम किया है और अब भी कर रही है। खड़गे ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए इसे खुशियों की ईद करार दिया है। उनका यह भी कहना है कि यह कई दिनों तक चलने वाली ईद है। जाहिर है, शुभकामनाएं देना अपनी जगह है, लेकिन एक धर्म के पर्व का दूसरे धर्म के त्योहार से जबरन मेल करना विचित्र और आपत्तिजनक बात है।
देश में हर त्योहार का अपना स्थान, फिर तुलना क्यों
देश में धर्मनिरपेक्ष समझते हैं कि दिवाली अपनी जगह है और ईद अपनी जगह है। क्रिसमिस का अपना स्थान है और गुरुपर्व का अपना महत्व है। तब यह कैसे हो सकता है कि दिवाली को खुशियों की ईद करार दे दिया जाए। कांग्रेस अध्यक्ष को क्या इसकी जानकारी नहीं है कि दीप पर्व दिपावली अनंत सदियों से मनाया जाने वाला पर्व है और जिस ईद से वे तुलना कर रहे हैं, वह कुछ हजार साल पहले से आरंभ किया गया पर्व है। तब दोनों क्या तुलना है और किसलिए।
क्या खड़गे अगले महीने आने वाले क्रिसमस की तुलना ईद से या फिर गुरुपर्व से कर सकते हैं। सभी पर्वों का एकमात्र औचित्य उस संबंधित धर्म के धर्मावलंबियों को खुशी देना है। दीपावली आज के समय में देशज नहीं अपितु वैश्विक पर्व हो गया है और इसके विस्तार की कल्पना कांग्रेस और उसके नेता क्या करेंगे। उन्हें हर जगह और हर अवसर पर अपनी तुष्टिकरण की राजनीति ही करनी आती है।
राहुल गांधी संसद में ठहरते नहीं लेकिन चौक में चाहते हैं पीएम से बहस
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का यह बयान अपने आप में हास्यास्पद है। इन दिनों कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं के बयान अगर विचित्रता की सीमाओं को लांघ रहे हैं, तो यह पार्टी जनों के अंदर व्याप्त निराशा को जाहिर करता है। नेता विपक्ष राहुल गांधी संसद में ठहर कर सत्ता पक्ष के जवाब को नहीं सुन पाते हैं, लेकिन वे अपनी रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को बहस के लिए चुनौती देते हैं और फिर कुछ ही सेकंड में उन्हें हराने का दावा भी करते हैं। आखिर ऐसा कैसे हो सकता है। क्या यह कोई प्रोटोकॉल है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी देश में आपातकाल लगाने को अपनी सास और दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मजबूरी करार देती हैं। वे अब जाकर यह स्पष्टीकरण दे रही हैं कि आखिर उस समय ऐसा करना क्यों जरूरी हो गया था, या फिर वह कोई और था, जिसने इंदिरा गांधी को इसके लिए प्रेरित किया।
ताज्जुब की बात है कि सोनिया गांधी को अब जाकर इसका अहसास हो रहा है कि देश में आपातकाल लगाकर कांग्रेस की तत्कालीन प्रधानमंत्री ने लोकतंत्र को कितना भारी नुकसान पहुंचाया था। क्या आज की पीढ़ी और उस पुरानी पीढ़ी के वे लोग सोनिया गांधी की सफाई को हजम कर पाएंगे। कांग्रेस नेताओं का चरित्र कुछ ऐसा है कि वे अपनी ही परिभाषाएं निर्मित कर रहे हैं और फिर उसे देश के समक्ष परोस रहे हैं। अयोध्या में जिस समय बाबरी मस्जिद को ढाया जा रहा था, तब कांग्रेस के नेताओं की हालत देखते ही बनती थी, दिल्ली से इसके आदेश जा रहे थे कि गोलियां चलाकर रामभक्तों को रोका जाए। कांग्रेस के इन्हीं नेताओं ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व को ही नकार दिया था और वे अब फिर ऐसा कर रहे हैं।
संभव है, दिवाली की तुलना ईद से करने वाले नेताओं को यह तक ठीक से मालूम नहीं होगा कि आखिर यह दीप पर्व मनाया क्यों जाता है, क्योंकि उन्हें इससे नफरत है कि सनातन संस्कृति का एक विराट और अद्भुत स्वरूप सामने आए, उसका जिक्र हो और उसकी खुशियां मनाई जाएं। वे फौरी तौर पर बनावटी शब्दों के साथ इसकी कथित शुभकामनाएं देते हैं और फिर ईद को उसके ऊपर रखते हैं। यानी ईद का पर्व बड़ा है और उसी से खुशियों का नामांकित किया जा सकता है।
मालूम हो, कांग्रेस के ही एक अन्य नेता जोकि मुस्लिम समाज से ही आते हैं, ने खड़गे के इस विवादित बयान का समर्थन करते हुए इसे नकारात्मक टिप्णणी से जस्टिफाई किया है। राशिद अल्वी का कहना है कि जब खुशी की बात आती है तो इसकी मिसाल ईद से ही दी जाती है। वे यह रहस्योद्घाटन भी करते हैं कि ऐसा बयान एक सेक्यूलर आदमी ही बोल सकता है। भाजपा या फिर सांप्रदायिक लोगों से इसकी उम्मीद नहीं की जा सकती कि वे ऐसी बात करेंगे। वहीं अल्वी सबसे निम्न स्तरीय टिप्पणी तब करते हैं, जब वे कहते हैं कि दिवाली और ईद में एक फर्क है, दोनों खुशियों के त्योहार हैं, लेकिन ईद पर एक्यूआई नहीं बढ़ाया जाता।
अब कांग्रेस नेता और तथाकथित सेक्यूलर को कौन समझाए कि दिवाली पर जितना कारोबार पूरे देश में होता है, वह किसी छोटे देश की पूरी अर्थव्यवस्था के बराबर होता है। और अब तो भारत ही नहीं अपितु दुनिया का हर देश दिवाली के महत्व को समझते हुए इसका अभिवादन कर रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति अपने आफिस में दीप जलाते हैं और वहां आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं। धर्म के नाम पर कांग्रेस नेताओं ने सदा से देशवासियों को गुमराह करके रखा है और यह काम वे अब भी कर रहे हैं। अपने नेताओं के विचित्र, हास्यास्पद और निम्न स्तरीय बयानों को छोटे नेता जिस प्रकार तर्कसंगत ठहराते हैं, वह चापलूसी का उदाहरण होता है।
जाहिर है, केंद्र में सरकार न बना पाने का कांग्रेस एवं विपक्ष का यह दर्द देश की जनता बखूबी समझती है। यह बात विपक्षी नेता भी समझ रहे हैं, यही वजह है कि साल 2029 के आम चुनाव से पहले और अगले साल राज्यों में होने वाले चुनावों से पहले वे अपनी छवि सुधारने में भी जुट गए हैं। सपा अध्यक्ष जीवन में पहली बार अगर अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि मंदिर में दर्शन के लिए तारीख तय करके बैठ गए हैं तो इसका मतलब साफ है, वे यह संदेश देना चाहते हैं कि किस प्रकार सनातन के प्रति उनका नजरिया बदल चुका है, हालांकि इससे पहले उन्हें अपनी ही सरकार और अपने पिता दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल में रामभक्तों पर गोली चलाने के कृत्य के लिए क्षमा भी मांगनी चाहिए।