सेहत

देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या ने फिर डराना शुरू कर दिया

04 सितंबर, 2021 01:14 PM
कोरोना के दो नए वेरिएंट्स ने भी दुनिया के वैज्ञानिकों को और गंभीर चिंता में डाल दिया है। photo pixabay

इसहफ्ते न्यूज.

देश में जिस रफ्तार से कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है उसे देखते हुए तीसरी लहर का डर सताने लगा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों में देश में कोरोना संक्रमण के 42,618 नए केस सामने आए हैं। वहीं इस दौरान 330 मरीजों की मौत हुई है।

देश में कोरोना के मामलों में फिर बढ़ रही तेजी चिंताजनक है। केरल के हालात जहां चिंताजनक बने हुए हैं, वहीं अब राज्य सरकार के उस फैसले जिसके तहत 11वीं कक्षा की परीक्षा कराई जानी थी, पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है। यानी यह मामला अकेले केरल का नहीं अपितु पूरे देश का है। अभी देखने में आया है कि प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों की परीक्षा बेशक ऑनलाइन ली जा रही है, लेकिन उच्च कक्षाओं की परीक्षाएं ऑफलाइन यानी स्कूलों में बुलाकर ही ली जा रही हैं। जोकि खतरे से खाली नहीं है।

24 घंटों में आए 42 हजार से ज्यादा केस
अगर आंकड़ों को देखें तो कोरोना की दूसरी लहर में भयंकर तबाही के बाद अब देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या ने फिर डराना शुरू कर दिया है। देश में जिस रफ्तार से कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है उसे देखते हुए तीसरी लहर का डर सताने लगा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों में देश में कोरोना संक्रमण के 42,618 नए केस सामने आए हैं। वहीं इस दौरान 330 मरीजों की मौत हुई है। कोरोना के नए मरीज मिलने के बाद अब देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,29,45,907 हो गई है। हालांकि आज का आंकड़ा कल के मुकाबले काफी कम है। शुक्रवार को देश में 47 हजार से ज्यादा मामले आए थे।

फिलहाल देश में कोरोना से 4,05681 एक्टिव केस हैं, जबकि 3 करोड़ 21 लाख 1 लोग पूरी तरह ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। इसके अलावा देश में अब तक कोरोना से 4 लाख 40 हजार 225 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही देश में अब तक 67,72,11,205 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में 58,85,687 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इधर, केरल में हालात संवेदनशील बने हुए हैं। राज्य में शुक्रवार को कोविड-19 के 29,322 नए मामले सामने आए और कुल मामले बढक़र 41.51 लाख से अधिक हो गए। कोरोना से 131 लोगों की मौत होने से राज्य में मरने वालों की संख्या 21,280 हो गई. नए मामले के बाद राज्य में अब कुल मामलों की संख्या बढक़र 41,51,455 हो गई है। इस बीच, शुक्रवार को 22,938 लोग इस बीमारी से ठीक हो गए, जिससे अब तक ठीक हो चुके कुल लोगों की संख्या बढक़र 38,83,186 हो गई।


नया वेरिएंट बना मुसीबत
इस वर्ष जुलाई-अगस्त के महीने तक कोरोना के डेल्टा वेरिएंट को दुनियाभर में वैज्ञानिक सबसे खतरनाक मान रहे थे। भारत में आई दूसरी लहर में तबाही मचाने के बाद कोरोना का यह वेरिएंट कई अन्य देशों के लिए बड़ी मुसीबत साबित हो रहा था। डेल्टा वेरिएंट से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन कर ही रहे थे कि पिछले दिनों सामने आए दो नए वेरिएंट्स ने वैज्ञानिकों को और गंभीर संकट में डाल दिया है। बीते दिनों कोरोना के दो नए वेरिएंट्स- साउथ अफ्रेकिन वेरिएंट सी.1.2 और म्यू (बी.1.621) ने दुनिया के सामने बड़ी चुनौती पेश की है। कई रिपोर्टस में दावा किया जा रहा है कि यह दोनों वैरिएंट्स सबसे संक्रामक माने जा रहे डेल्टा वेरिएंट्स से भी अधिक घातक हो सकते हैं। 


डब्ल्यूएचओ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वह कोरोना के इन नए वेरिएंट्स की प्रकृति पर नजर रखे हुए है। म्यू को वेरिएंट ऑफ इंटरेस्ट के रूप में वर्गीकृत किया गया है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि म्यू वेरिएंट में ऐसे म्यूटेशन देखे गए हैं जो शरीर में वैक्सीनेशन से बनी प्रतिरोधक क्षमता को चकमा दे सकते हैं,  साउथ अफ्रेकिन वेरिएंट भी कमोबेश ऐसी ही प्रकृति वाला बताया जा रहा है।

Have something to say? Post your comment